गाजियाबाद पुलिस अपने काम को लेकर कितनी लापरवाह है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एसएसपी को एक सप्ताह के अंदर 14 दरोगा समेत 124 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लेना पड़ा। ट्रक चालक से रिश्वत के मामले में मोदीनगर थाने के दो पुलिसकर्मी सस्पेंड हुए तो बालिग को नाबालिग बनाने के आरोप में शहीदनगर चौकी इंचार्ज व एक सिपाही को लाइन हाजिर किया गया।
इससे पूर्व सादी वर्दी में अवैध गतिविधियों में लिप्त रहने वाले 21 पुलिसकर्मियों को कप्तान ने लाइन हाजिर किया। 12 चौकियों के लापरवाह प्रभारियों को हटाकर उनके स्थान पर ट्रैफिक पुलिस के दरोगा पोस्ट करने पड़े। लगातार मिल रही शिकायतों पर एसएसपी को ट्रैफिक पुलिस के 87 सिपाहियों को लाइन भेजना पड़ा।
घटना पर पर्दा डालती रही पुलिस.........
लापरवाही के चलते दो बदमाशों के हवालात से भाग जाने के बाद पुलिस घटना पर पर्दा डालती रही। अधीनस्थों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी तरह से मामला लीक न हो जाये। दो लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया गया, लेकिन किसी को कानों कान खबर नहीं होने दी गई।
गिरफ्तार किए गए दो बदमाश हवालात से फरार हो गए थे। दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लापरवाही सामने आने पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल अभी जारी है।
- राजकुमार पांडेय, सीओ लोनी