हरियाणा रोडवेज की बसों टिकट का फर्जीवाड़ा अब नहीं चलेगा। बसों में कंडक्टर अब ईटीएम (इलेक्ट्रोनिक टिकटिंग मशीन) से टिकट देते नजर आएंगे।
इस योजना को मूर्त रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। रोडवेज प्रबंधन ने फरीदाबाद, गुड़गांव और पलवल सहित राज्य के सभी डिपो से इस संबंध में जानकारी मांगी है।
फिलहाल हरियाणा रोडवेज की बसों में कागज की पर्चीनुमा साधारण टिकट यात्रियों को दी जाती है। बताया जाता है कि कई बार इसमें धांधली की शिकायतें मिली हैं।
इससे न केवल यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है बल्कि रोडवेज को भी आर्थिक क्षति पहुंचती है। इससे निपटने के लिए रोडवेज ने अब ईटीएम का सहारा लेने का निर्णय लिया है।
इसके लिए सभी डिपो प्रबंधकों से रिपोर्ट मांगी गई है। हालांकि, यह प्रयोग उत्तर प्रदेश में पहले से ही हो रहा है। पड़ोसी शहर गाजियाबाद और नोएडा में ईटीएम मशीन से भी फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने पर वहां अब नए तरीके की मशीनों से काम लिया जा रहा है।
ऐसे में हरियाणा रोडवेज शुरुआत से ही जीपीएस युक्त ईटीएम कंडक्टरों को मुहैया कराएगा। सॉफ्टवेयर के जरिए मुख्यालय को टिकटिंग प्रणाली की अपडेट लगातार मिलती रहेगी। इसके अलावा टिकटिंग मशीनों में लगे सिमकार्ड की मदद से जीपीएस के जरिए बसों की लोकेशन का भी पता लगाया जा सकेगा।
रहेगा रिकॉर्ड-समय बचेगा
मशीन के प्रयोग से टिकटों को लेकर आसान व्यवस्था भी बनने की उम्मीद है। इससे टिकटों का सीधा रिकॉर्ड मशीन में हाथों-हाथ दर्ज हो जाएगा। इससे टिकटों की गिनती से लेकर टिकट देने का समय भी बचेगा।