-एम्स, बाबा खड़क सिंह मार्ग और आजाद मार्केट अंडरपास में सबसे खराब स्थिति रही
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह तेज बारिश ने सड़कों को पानी से लबालब कर दिया। नालों का पानी सड़कों पर उमड़ आया, वाहनों की रफ्तार थम गई और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। कई प्रमुख मार्गों पर एक से दो फुट तक पानी भर गया। एम्स, बाबा खड़क सिंह मार्ग व आजाद मार्केट रेलवे अंडरपास सबसे अधिक प्रभावित रहे।
एम्स इलाके में रिंग रोड व फ्लाईओवर पर वाहनों के पहिए पानी में डूब गए, वाहन रेंगते नजर आए। आजाद मार्केट अंडरपास में पानी भरने से दोपहिया वाहन डूबने की स्थिति बनी, पुलिस को डायवर्जन लगाना पड़ा। दुर्गा विहार में घुटने तक पानी, बुराड़ी सरकारी अस्पताल के सामने जलभराव, द्वारका में पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। करोल बाग व रंगपुरी में भी जलभराव हुआ, हालांकि रंगपुरी में एमसीडी ने 30 मिनट में पानी निकालकर मार्ग खोला।
आईटीओ पर दो फीट पानी भरने से रफ्तार धीमी हो गई। मथुरा रोड पर सरिता विहार की ओर घंटों जाम रहा, वहां एक ट्रक पलटने से यातायात और बाधित हुआ। कनॉट प्लेस व शिवाजी स्टेडियम के आसपास 1 फीट से अधिक पानी भरा। आरएमएल अस्पताल व रायसीना रोड पर भी जलभराव की समस्या रही।
ट्रक पलटने से यातायात प्रभावित
दक्षिण दिल्ली में अरविंदो मार्ग पर यूसुफ सराय की ओर भी लंबा जाम रहा। वहीं आजादपुर से वजीरपुर के बीच करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को 35 मिनट लगे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अक्षरधाम के बाद निजामुद्दीन पुल और आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन तक भी वाहनों की लंबी कतारें लगीं। रिंग रोड पर एंड्रयूज गंज और मूलचंद फ्लाईओवर के बीच ट्रक पलटने से इस हिस्से में यातायात प्रभावित हुआ। सुबह के वक्त हादसा होने से एमबी रोड की तरफ जा रहे वाहनों को जाम में फंसना पड़ा। रिंग रोड के इस हिस्से से होकर दक्षिण दिल्ली के अन्य इलाकों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लगा।