5,804 कार्यों को मंजूरी, 2,803 पूरे, ग्रामीण और यमुना पार के इलाकों में भी विकास पर जोर, प्रदूषण नियंत्रण के लिए 970 किमी सड़कों का होगा पुनर्विकास
विनोद डबास
नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों, गलियों और स्थानीय बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने 2,642 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों की योजना तैयार की है। इसके तहत 5,804 कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 5,188 आवंटित हो चुके हैं। अब तक 2,803 कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 2,057 पर निर्माण जारी है। वहीं, 228 आवंटित कार्यों पर अभी निर्माण शुरू होना बाकी है। इन योजनाओं में मुख्य सड़कों के साथ कॉलोनियों, गांवों और यमुना पार के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
स्थानीय विकास कार्यों में मुख्यमंत्री विकास निधि (सीएमडीएफ) की प्रमुख भूमिका है। इसके तहत 1,711 करोड़ रुपये की लागत से 4,511 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 4,019 कार्य आवंटित हो चुके हैं और 2,320 पूरे किए जा चुके हैं। वहीं, 1,471 कार्यों पर निर्माण जारी है, जबकि 492 कार्य निविदा या आवंटन की प्रक्रिया में हैं। इस मद में पूरे हुए 560 कार्यों के 45.30 करोड़ रुपये के बिल भी पास किए जा चुके हैं। हालांकि, 228 आवंटित कार्यों पर निर्माण शुरू होना बाकी है।
गांवों और यमुना पार में भी विकास
ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड (डीवीडीबी) के तहत 396 करोड़ रुपये की लागत से 292 कार्य मंजूर किए गए हैं। इनमें से 281 कार्य आवंटित हो चुके हैं। अब तक 109 कार्य पूरे हुए हैं, जबकि 172 पर काम जारी है। इसी तरह, ट्रांस-यमुना क्षेत्र विकास बोर्ड (टीवाईएडीबी) के तहत 409 करोड़ रुपये की लागत से 927 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 814 कार्य आवंटित हो चुके हैं। कुल 323 कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 392 पर निर्माण जारी है। इन योजनाओं के जरिए ग्रामीण दिल्ली और यमुना पार के इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
970 किमी सड़कों के पुनर्विकास पर जोर
दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने और सड़क की धूल पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की कार्ययोजना के तहत 1,276 करोड़ रुपये की लागत से 970 किलोमीटर लंबाई की 2,450 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें से 2,328 कार्य आवंटित हो चुके हैं और 1,431 पूरे किए जा चुके हैं। इनके तहत 460 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा हुआ है। इसके अलावा, 864 कार्य प्रगति पर हैं। इनमें 282 किलोमीटर सड़कों का काम भौतिक रूप से पूरा हो चुका है, जबकि 370 किलोमीटर पर निर्माण जारी है। वहीं, 33 आवंटित कार्यों पर निर्माण शुरू होना बाकी है और 122 कार्य निविदा या आवंटन की प्रक्रिया में हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सड़क बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के साथ धूल से होने वाले प्रदूषण पर अंकुश लगाना है।