मंजिंदर सिंह ने 10 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजौरी गार्डेन विधानसभा में सीवर, पानी और सड़क से जुड़ी करीब 10 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
परियोजनाओं में नई सीवर और पानी की पाइपलाइन, सड़कों की मरम्मत, फुटपाथ और बाउंड्री वॉल बननी है। जे ब्लॉक, जेड ब्लॉक, अग्रवाल स्वीट्स इलाका, रतन डेयरी, जनता मार्केट और रघुबीर नगर में काम चालू हो गया है। मंत्री ने मेजर सुदेश मार्ग पर एंटी स्मॉग गन शुरू कराई। यहां नए सिरे से ड्रेन व फुटपाथ बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा, विकसित भारत का संकल्प विकसित दिल्ली से पूरा होगा। सड़कें, सीवर और पानी की पाइपलाइन जैसी बुनियादी सुविधाएं नए सिरे से तैयार कराई जा रही हैं। ये पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शहरी विकास और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हर घर साफ पानी अभियान का हिस्सा है।
फिर हुई 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट्स की समीक्षा
सिरसा ने परियोजनाएं चालू कराने के बाद दिल्ली सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें पर्यावरण विभाग, डीपीसीसी और एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मंत्री ने दिल्ली के 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट्स की समीक्षा की और जमीन पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क मरम्मत, पानी का छिड़काव, खुले में कचरा जलाने पर रोक और धूल नियंत्रण जैसे उपायों पर सख्ती से अमल करने को कहा। मंत्री ने कहा, सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली के हर नागरिक को साफ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं मिलें। यह शुरुआत भर है, विकास के ऐसे काम लगातार चलते रहेंगे। जब दिल्ली विकसित होगी, तभी विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।