बदरपुर थाना इलाके में शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हुआ। फ्लाईओवर पर बाइक सवार युवक-युवती को पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक-युवती दोनों फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात तक युवती की पहचान नहीं हुई थी, जबकि युवक फरीदाबाद का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। बदरपुर थाना पुलिस ने कार चला रहे युवक को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, मकान नंबर-1/14 टिटो कॉलोनी, शिव मंदिर के पास बाईपास रोड (फरीदाबाद) निवासी सुलभ पांडेय (18) एक युवती के साथ शुक्रवार शाम सवा चार बजे बाइक से फरीदाबाद की तरफ से आश्रम की तरफ जा रहा था। वह बदरपुर टोल प्लाजा से फ्लाईओवर पर चढ़े थे।