महापुरुषों के जन्मदिन और निर्वाण दिवस पर छुट्टी खत्म करने के यूपी की योगी सरकार के फैसले की राह पर चलने का फैसला दिल्ली की आप सरकार ने भी लिया है।
दिल्ली सरकार भी महापुरुषों के जन्म और निर्वाण दिवस पर होने वाली छुट्टियां रद्द करेगी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा है कि महापुरुषों के जन्म और निर्वाण दिवस की छुट्टी खत्म करने को लेकर मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं।
सिसोदिया ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले में अच्छी पहल की है। हमें अन्य राज्यों से सीखने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। दिल्ली सरकार की मोहल्ला क्लीनिक और लालबत्ती खत्म करने की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन से हमारा भी हौसला बढ़ा है। मुख्य सचिव को निर्देश देने के बाद अब जल्द ही दिल्ली में महापुरुषों के जन्म और निर्वाण दिवस की छुट्टियां खत्म होंगी।
योगी सरकार ने रद्द की 15 छुट्टियां
योगी आदित्यनाथ
दिल्ली में कितने महापुरुषों के नाम पर छुट्टी होती है, जिसे खत्म किया जा सकता है, इसका प्रस्ताव मुख्य सचिव को तय करने के लिए कहा गया है। केंद्र सरकार की अधिसूचना के हिसाब से 16 राजपत्रित अवकाश हैं, जबकि दिल्ली ने दो अन्य मिलाकर 18 किए हुए हैं।
इसमें वाल्मीकि जयंती, रामनवमी और महाशिवरात्रि भी शामिल है। इसके अलावा 34 रिस्ट्रिक्टेड हॉलिडे (वैकल्पिक अवकाश) हैं, जिसमें से 2 ली जा सकती हैं। सरकार अंबेडकर जयंती, गुरु गोविंद सिंह जयंती या कुछ अन्य छुट्टी भी करती है।
यूपी में प्रचंड बहुमत से भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री बने आदित्यनाथ योगी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को एक कार्यक्रम में ज्यादा अवकाशों पर नाराजगी जताई थी।
उन्होंने कहा था कि छुट्टी के बजाय उस दिन संबंधित महापुरुषों की जिंदगी से जुड़ी जानकारी बच्चों को दी जानी चाहिए और उनसे जुड़े कार्यक्रम होने चाहिए। ताकि बच्चे महापुरुषों की जिंदगी से प्रेरणा हासिल कर सकें और पढ़ाई का नुकसान भी न हो। उसके बाद 25 अप्रैल को यूपी कैबिनेट ने महापुरुषों के जन्मदिन व निर्वाण दिवस पर जो छुट्टी यूपी में होती थी, सब खत्म कर दी हैं।