गैग्स ऑफ वासेपुर और रामलीला, फालतू और ओए लक्की, लक्की ओए जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकी अभिनेत्री रिचा चड्ढा को दिल्ली के एक एयरपोर्ट पर रोककर दो घंटों तक पूछताछ की गई।
दरअसल, हाल ही में रिचा चड्ढा दिल्ली से मुम्बई जाने के लिए दिल्ली एक एयरपोर्ट पर पहुंची। लेकिन वहां सिक्यूरिटी चेक के दौरान उनके बैग में एक संदिग्ध पाउडर पाया गया।
इसके बाद रिचा चड्ढा को पुलिस ने एक तरह से हिरासत में लेकर दो घंटों तक पूछताछ की। हालांकि दो घंटों की पूछताछ के बाद पुलिस ने रिचा चड्ढा को छोड़ दिया और मुम्बई रवाना हो गईं।
क्या था वो 'पाउडर'
दिल्ली के एयरपोर्ट पर अभिनेत्री रिचा चड्ढा को जिस संदिग्ध पाउडर के लिए रोककर दो घंटों तक पूछताछ की गई, असल में वह एक आयुवेर्दिक पाउडर था, जिसे वह स्किन की देखभाल के लिए इस्तेमाल करती हैं।
रिचा चड्ढा के मुताबिक उन्हें अपने पेशे की जरूरतों की वजह से अपनी स्किन का खास खयाल रखना पड़ता है। लेकिन कुछ दिनों पहले उन्हें स्किन संबंधी कुछ परेशानी हुई थी, तो इससे निबटने के लिए उन्होंने एक खास आयुर्वेद पाउडर का सहारा लिया।
उनके अनुसार इस पाउडर के इस्तेमाल से उन्हें काफी राहत मिली है। इसलिए वह जहां जाती हैं, इसे अपने साथ ले जाती हैं। लेकिन इस पाउडर की वजह से वह इतनी बड़ी परेशानी में पड़ जाएंगी, इसका अंदाजा नहीं था।
फिर इतनी लंबी क्यों खींची पूछताछ
अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टूडे इन के मुताबिक रिचा चड्ढा के बैग से मिला पाउडर आमतौर उपलब्ध नहीं है। खुद रिचा चड्ढा ने एक बयान में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वह नहीं चाहती थीं कि उनकी सामान जब्त की जाए, क्योंकि ये आसानी से उपलब्ध नहीं हैं और यह खास तौर पर उनके लिए बनाया जाता था।
अब ऐसे में पुलिस को उस पाउडर पर शक होना लाजमी है। रिचा के मुताबिक वह दो घंटों तक पुलिस अधिकारियों को विश्वास दिलाती रहीं कि यह पाउडर संदिग्ध नहीं है।
लेकिन पुलिस को जब तक पूरी तरह विश्वास नहीं हुआ कि यह पाउडर किसी तरह का नशा नहीं है, तभी उनको जाने दिया गया।