पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में गोलचक्कर के पास शुक्रवार रात पुलिस और दस हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर अनिल उर्फ मल्ला की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अनिल निवाली नट मढ़ैया निवासी के गोली लगी है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ लूट, जानलेवा हमला और एसस-एसटी एक्ट समेत सात केस दर्ज हैं।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने सुपरटेक गोलचक्कर के सर्विस रोड पर आरोपी को घेर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बीटा-2 में दर्ज केस में फरार चल रहा था। इसके चलते उसपर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।