गौतमबुद्ध नगर में सुल्तान फिल्म ने सात दिनों में अब तक का सर्वाधिक मनोरंजन कर दिलाया है। सुल्तान 7 जुलाई से नोएडा-ग्रेटर नोएडा के मल्टीप्लेक्स में चल रही है।
तब से अब तक इस फिल्म से जिले को 1.40 करोड़ रुपये राजस्व (मनोरंजन कर के रूप में) मिला है, जबकि इस अवधि में कुल राजस्व 1.63 करोड़ रुपये मिला है।
वहीं इसी अवधि के दौरान दूसरी फिल्मों से केवल 23 लाख रुपये ही मिले हैं। यह जिले में सात मल्टीप्लेक्स हॉल में चल रही है। द सीक्रेट लाइफ ऑफ पेट्स (3डी), द लीजेंड ऑफ टारजन (3डी) और उड़ता पंजाब फिल्म ने कुल मिलकर 23 लाख रुपये का ही राजस्व बटोरा है।
मनोरंजन कर राजस्व में गौतमबुद्ध नगर अव्वल
सुल्तान
- फोटो : bollywoodlife.com
'सबसे कम समय में अब तक जिले में चली सभी फिल्मों से सर्वाधिक राजस्व दिलाने वाली फिल्म सुल्तान रही है। शुक्रवार को फिल्मी सप्ताह का अंतिम दिन है। वीकेंड पर लोग ज्यादा फिल्में देखते हैं। इन दो दिनों में और राजस्व मिलेगा।' - शैलेंद्र कुमार, जिला मनोरंजन कर अधिकारी
मनोरंजन कर राजस्व में गौतमबुद्ध नगर अव्वल
जून 2016 में प्रदेश सरकार की तरफ से जिले को मनोरंजन कर राजस्व का लक्ष्य 5.47 करोड़ रुपये का दिया गया था। जनपद से केबल टीवी, सिनेमा और अन्य मदों से लक्ष्य का 113 फीसदी राजस्व वसूलते हुए 6.17 करोड़ रुपये प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
वहीं लखनऊ ने 105 फीसदी राजस्व वसूलते हुए 4.35 करोड़ रुपये प्राप्त कर दूसरा हासिल किया है। तीसरे स्थान पर रहे कानपुर नगर ने शत प्रतिशत राजस्व वसूलते हुए 3.20 करोड़ रुपये प्राप्त किए हैं। वहीं चौथे स्थान पर रहे गाजियाबाद ने 93 फीसदी वसूली की है। गाजियाबाद में 5.29 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ है।