रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि 16 जुलाई शाम के समय चांदपुर, कंझावला इलाके में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दीपक डबास की मौत हो गई। दीपक माजरा डबास गांव के रहने वाले थे और पेशे से किसान थे। पुलिस ने सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर स्कॉर्पियो कार को जब्त किया था। परिजनों ने हत्या की साजिश जताई थी।
पुलिस ने सबसे पहले कार सवार सागर को हिरासत में लिया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह किया। सख्ती करने पर उसने हकीकत बयां कर दी। बताया कि माजरा डबास निवासी जगपाल ने जानबूझकर दीपक को गाड़ी से कुचलवाया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब 22 साल पहले जगपाल की बहन के साथ दीपक ने छेड़छाड़ की थी, जिसका बदला जगपाल ने अब लिया। इससे पहले जगपाल ने दीपक पर गोली भी चलवाई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया था। जांच में सामने आया कि जगपाल ने अपने दोस्त टिल्ली की स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया और भतीजे साहिल ने साजिश में मदद की। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है, मामले की जांच जारी है।