दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित स्पोर्ट्स सिटी में रविवार को नोएडा के मैक्स अस्पताल की ओर से आयोजित मैराथन के दौरान एक रिटायर्ड एयरफोर्स के अधिकारी की हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। दनकौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से कानपुर निवासी देवेश शुक्ला (47 वर्ष) एयर फोर्स के नॉन कमीशन रैंक से रिटायरमेंट लेने के बाद नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह ग्रेटर नोएडा में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। रविवार को नोएडा में स्थित मैक्स अस्पताल ने दनकौर स्थित स्पोर्ट्स सिटी में हाफ मैराथन का आयोजन किया गया था।
हाफ मैराथन में करीब 50 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 किलोमीटर दौड़ने के बाद देवेश के सीने में अचानक दर्द होने लगा और वह वहीं पर गिर पड़े। उन्हें मौके पर मौजूद लोग तुरंत अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया है कि देवेश की हृदय गति रुक जाने के कारण मौत हुई है। दनकौर कोतवाली प्रभारी राजपाल तोमर का कहना है कि पुलिस को इस मैराथन की कोई जानकारी नहीं थी। यदि पीड़ित परिजन की तरफ से कोई शिकायत पत्र मिलता है, तो कार्रवाई की जाएगी।