नगर निगम ट्यूबवेल हेल्पर से पिटाई के शिकार हुए निगम जेडटीओ रतनलाल रोहिला के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई से निगम कर्मचारी संतुष्ट नहीं हैं। म्युनिस्पिल कारपोरेशन इम्प्लाइज फेडरेशन ने बैठक कर पुलिस व नगर निगम प्रशासन द्वारा अब तक उठाये गये कदमों को नाकाफी बताते हुए गहरा रोष प्रकट किया है।
फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने साजिशकर्ताओं को बेनकाब करने में कोताही बरती तो कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फेडरेशन ने कहा है कि हमलावर को कड़ी सजा दिलवाने व साजिशकर्ताओं को बेनकाब करने के लिए निगम कर्मचारी स्थानीय विधायकों, मंत्रियों को ज्ञापन देने के साथ-साथ संघर्ष का रास्ता भी अख्त्यिर करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि रोहिल्ला पर हुए हमले के मामले में फेडरेशन का एक शिष्टमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से भी मिलेगा। फेडरेशन के नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा के अपील के अनुकूल काम करने वाले लोगों की आवाज बंद करने की एक साजिश है। कर्मी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी पर इस प्रकार का हमला हुआ तो उसका मुंहतोड़ जबाब दिया जायेगा।
बैठक में महासचिव रमेश कुमार जागलान, वरिष्ठ उपप्रधान शाहाबीर खान, लालाराम नरवत, सचिव दशरथ कुमार, महेन्द्र चौटाला, अतर सिंह भड़ाना, कर्म चंद, महेन्द्रपाल, नेत्रपाल शर्मा, अशोक कुमार रावत आदि उपस्थित थे।