ईवीएम में बंद फरीदाबाद विधानसभा चुनाव का जनादेश रविवार को खुलेगा। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। करीब 1200 पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ की दो कंपनियों के जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा ताकि कोई गड़बड़ न कर सके।
फोटो के साथ बनाए गए उचित पहचान पत्र के बिना किसी भी मतगणना एजेंट को सुरक्षा के पहले घेरे को पार करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रथम सुरक्षा घेरे पर ही प्रत्याशियों या एजेंटों तथा मतगणना अधिकारियों की पहचान का सत्यापन किया जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश द्वार पर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
मीडिया कर्मियों को चुनाव आयोग द्वारा दिए गए पास से मतगणना हाल में जाने की अनुमति होगी। मतगणना रुझान और प्रत्याशियों के परिणामों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
शनिवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने दलबल के साथ सभी केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने यहां पर सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम के रखरखाव, मतगणना केंद्रों की व्यवस्था आदि का जायजा लिया।
इन केंद्रों पर शनिवार सुबह से ही गेट लगाने, बल्लियां लगा कर रास्ता बनाने, रोकने, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और कुर्सियां, स्टेशनरी आदि सभी संसाधन पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया था। शहर में नाके लगाकर संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग की गई।
किस विधानसभा की कहां होगी मतगणना
पृथला---------यादव धर्मशाला सेक्टर-16
एनआईटी-----एनएच-2 लखानी धर्मशाला
बड़खल-------दौलतराम खान धर्मशाला
बल्लबगढ़----अग्रवाल धर्मशाला बल्लबगढ़
फरीदाबाद----सेक्टर-14 डीएवी स्कूल
तिगांव-------सेक्टर-10 स्थित तेरापंथ भवन
मतगणना केंद्र तक नहीं जा सकेंगे निजी वाहन
मतगणना केंद्र तक सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए निजी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार केंद्र से 100 मीटर की दूरी बने बैरियर पर ही उन्हें रोक दिया जाएगा। बैरियर के पास एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी होंगे।
कुछ खास बातें
-मतगणना हॉल में रहेगी वीडियो कैमरे की नजर
-गिनती के लिए 325 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई
-सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी
समर्थकों को सतर्क रहने की दी हिदायत
मतगणना के समय किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए न सिर्फ प्रशासन बल्कि विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशी भी सचेत हैं। समर्थकों को हिदायत दी गई है कि कहीं वे अति उत्साह में आकर कोई गलती न कर बैठें, जिसकी भरपाई पार्टी और प्रत्याशी को करनी पड़े। सभी प्रत्याशियों के घरों, कार्यालयों पर इस तरह की नसीहत भी दी गई। नेताजी समर्थकों से घिरे रहे।
इन चीजों को ले जाने पर रोक
बीड़ी-सिगरेट, पेन, माचिस, हथियार, मोबाइल, लाइटर