-आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताई समस्याएं, जाम, लूटपाट और झपटमारी से सुरक्षा पर भी सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पार्किंग की कमी से गलियों में बढ़ रहा वाहनों का दबाव, फल मार्केट में जाम और झपटमारी से सुरक्षा पर उठे सवाल
पूर्वी दिल्ली। न्यू सीलमपुर में बदहाल पार्क, पार्किंग की किल्लत, बाजार में अतिक्रमण और बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पार्क बदहाली का शिकार है। यहां न हरियाली है और न ही घास की उचित व्यवस्था। साफ-सफाई और देखरेख के अभाव में पार्क में असामाजिक तत्वों की मौजूदगी बढ़ रही है, जिससे बच्चों का खेलना और बुजुर्गों का टहलना मुश्किल हो गया है।
वहीं, क्षेत्र में पांच से छह मंजिला इमारतों का निर्माण हो रहा है, लेकिन इनके साथ पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं की जा रही। इससे गलियों और सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। पार्किंग को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने निर्माण के साथ पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
दूसरी ओर, सीलमपुर फल मार्केट में रेहड़ी-पटरी वालों के सड़क पर कब्जे से जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है। बाजार में लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसके अलावा लूटपाट और झपटमारी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने की मांग की है।
-
पार्क का उद्देश्य बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित जगह देना है, लेकिन यहां हरियाली और सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है। नियमित देखरेख होनी चाहिए। - आरबी यादव, महासचिव
बहुमंजिला इमारतें बन रही हैं, लेकिन पार्किंग की पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी जा रही। इससे गलियों में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। - डॉ. दिनेश पुंडीर, उपाध्यक्ष
कुछ दिन पहले डिलीवरी कर्मी से लूटपाट हुई। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस गश्त और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ानी चाहिए। - गुलाब शुक्ला, उपाध्यक्ष