मुख्यमंत्री केजरीवाल और एलजी बैजल
- फोटो : एएनआई
गुलाबी बाग में क्वारंटीन सेंटर बनाए जाने से गुस्साए स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। कॉलोनी के बीचोंबीच स्थित स्कूल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में तब्लीगी जमात के 120 लोगों को रखा गया है। स्थानीय लोगों ने क्वारंटीन सेंटर को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखा है।
गुलाबी बाग में 1500 से अधिक लोग रहते हैं। इनमें बड़ी संख्या में दिल्ली सरकार के अधीन काम करने वाले कर्मचारी और उनका परिवार है। कॉलोनी के बीचोंबीच स्थित स्कूल में तब्लीगी जमात के लोगों के लिए बनाए गए क्वारंटीन सेंटर के कारण क्षेत्रवासियों को कोरोना वायरस फैलने का खतरा सता रहा है।
दिल्ली सरकार कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर यहां से क्वारंटीन सेंटर दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। गुलाबी बाग सरकारी कर्मचारी रेंजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने यदि जल्द तब्लीगी जमात के लोगों को यहां से दूसरी जगह नहीं स्थानांतरित किया, तो यह स्थान कोविड-19 का हॉटस्पॉट बन जाएगा।