फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार दिन से चल रही डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद किया एलान

Sun, 04 Aug 2019 05:34 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
डॉक्टरों की हड़ताल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) विधेयक को लेकर चल रही हड़ताल को डॉक्टरों ने चौथे दिन रविवार दोपहर को खत्म किया। इसके साथ दिल्ली एम्स सहित सभी अस्पतालों में डॉक्टर देर शाम ड्यूटी करने पहुंचे। 
विज्ञापन


रविवार को ओपीडी न होने के कारण आपातकालीन विभाग में पहले से तय ड्यूटी के लिए डॉक्टर पहुंचे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार से हड़ताल जारी होने के कारण अब तक लाखों मरीजों को उपचार नहीं मिल पाया है। सोमवार से स्वास्थ्य सेवाएं वापस पटरी पर लौटने की संभावना है। 

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने एम्स और सफदरजंग के हड़ताली डॉक्टरों को अपने निवास पर अलग-अलग बुलाया था। बताया जा रहा है कि संसद सत्र के दौरान अतिव्यस्त चल रहे मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सुबह ही डॉक्टरों को बुलाकर अंतिम चेतावनी देते हुए तत्काल हड़ताल खत्म करने का आदेश दिया था। 
विज्ञापन


साथ ही एनएमसी विधेयक को लेकर डॉक्टरों में गलतफहमी होने का जिक्र करते हुए सरकार की ओर से संशोधन की पूरी न होने की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य मंत्री से मिलने के बाद वापस अस्पताल पहुंचे डॉक्टरों ने एम्स में सभी डॉक्टरों के साथ बैठक की और हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया। 

दिल्ली एम्स आरडीए के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद एनएमसी विधेयक को लेकर उनकी हड़ताल वापस ले ली गई है। आरडीए अध्यक्ष डॉ. अमरिंदर ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि विधेयक लागू होते वक्त सभी चिकित्सीय संगठन से परामर्श जरूर लिया जाएगा। 

साथ ही एनएमसी के बोर्ड में एम्स निदेशक की भूमिका भी होगी। उधर फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) के राष्टीय अध्यक्ष डॉ. सुमेध का कहना है कि विधेयक के खिलाफ उनका संगठन हमेशा खड़ा रहेगा, लेकिन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन ने विधेयक को समर्थन देते हुए बैकफुट पर आ चुके हैं। 

साथ ही मरीजों की हालत को देखते हुए उन्होंने हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया है। सोमवार से दिल्ली के सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं पहले जैसी ही चलती रहेंगी। 
 
विज्ञापन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि सुबह अपने आवास पर उन्होंने एम्स और सफदरजंग अस्पताल के हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। उन्होंने इस मुलाकात में फिर से दोहराया कि एनएमसी विधेयक चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव है जो 130 करोड़ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में वरदान साबित होगा। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विधेयक से जुड़ी गलतफहमियों को दूर किया है। आंदोलनरत डॉक्टरों ने मरीजों की परेशानी का ध्यान रखते हुए अपना विरोध वापस ले लिया। उन्होंने बताया कि अगले एक दो दिन में सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो जाएंगी। 
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें