साथ ही इन कलाकारों से दिल्ली सरकार के तंबाकू विरोधी अभियान में शामिल होने की अपील की गई है। पत्र में कहा गया है कि यदि कलाकार इस तरह के अभियान में शामिल होते हैं तो लाखों लोगों को ओरल कैंसर से बचाया जा सकता है।
तंबाकू उत्पादों में कई खतरनाक पदार्थ होते हैं जिससे कैंसर का खतरा रहता है। ऐसे उत्पादों का प्रचार-प्रसार यदि चर्चित कलाकार करते हैं तो यह सही नहीं है।
अतिरिक्त निदेशक ने कहा कि भारत में महिलाओं में कैंसर के मामले विश्व के दूसरे देशों की तुलना में ज्यादा हैं। बड़े फिल्मी कलाकारों के तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार की वजह से ई-सिगरेट और हुक्का पीने वालों की संख्या बढ़ गई है।
तंबाकू उत्पादों का प्रचार न करने का आग्रह
दिल्ली सरकार ने आम लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर बॉलीवुड कलाकारों को पत्र लिखकर तंबाकू उत्पादों का प्रचार न करने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि कई ऐसे तंबाकू उत्पाद हैं, जिसका सेवन करने से कैंसर का खतरा होता है और यह शोध में स्पष्ट हो चुका है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ.एसके अरोड़ा ने फिल्म अभिनेता अजय देवगन, शाहरुख खा, सैफ अली खान, गोविंदा, अरबाज खान और अभिनेत्री सन्नी लियोनी को पत्र लिखकर उनसे तंबाकू-उत्पादों के प्रचार-प्रसार से दूर रहने का आग्रह किया है।
पत्र में लिखा है कि फिल्मी कलाकार युवाओं के रोल मॉडल होते हैं, लिहाजा वे तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार से दूर रहें, ताकि लोग विशेषकर युवा वर्ग उनका अनुशरण कर इससे दूर रहे।
दिल्ली सरकार दिल्ली को तंबाकू मुक्त बनाना चाहती है
पत्र में लिखा गया है कि फिल्मी कलाकार आज के युवाओं के रोल मॉडल होते हैं। वे उन्हें देखते हैं और उनकी जीवनशैली अपनाने की कोशिश करते हैं। कलाकारों द्वारा किए जाने वाले उत्पादों के प्रचार-प्रसार आबादी के एक बड़े हिस्से को प्रभावित करता है, खासकर बच्चों और महिलाओं को।
दिल्ली सरकार ने तंबाकू उत्पाद बनाने वाले कुछ कंपनियों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। बता दें कि दिल्ली सरकार दिल्ली को तंबाकू मुक्त बनाना चाहती है, यही कारण है कि महीने के अंतिम दिन ड्राई डे मनाया जाता है।
लोगों को जागरूक करने के लिए लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान भी चलाया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री पर रोक लगा रखी है, लेकिन कुछ कंपनियां अदालत चली गई हैं, इस वजह से यह व्यवस्था लागू नहीं हो पा रही है।