गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी हादसे या दुर्घटना की संभावना के मद्देनजर एम्स समेत दिल्ली के तीन बड़े सरकारी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। वीवीआईपी के लिए आरएमएल अस्पताल में विशेष इंतजाम किए गए हैं, जबकि लोक नायक अस्पताल में आम लोगों के इलाज के इंतजाम किए गए हैं।
परेड स्थल राजपथ पर यदि कोई हादसा हो तो घायलों के इलाज के लिए तीन अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी के इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल में छह कमरे सुरक्षित रखे गए हैं।
प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा पूर्व राष्ट्रपति, पूर्व उप राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री के इलाज के लिए कमरे आरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा आपदा प्रबंधन वार्ड को आपात स्थिति के लिए खाली रखा गया है।
आरएमएल के प्रवक्ता वीके सिन्हा ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सीटी स्कैन और ऑपरेशन थियेटर रिजर्व रखा गया है। आम दिनों की तुलना में चिकित्सा कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है।
उधर, दिल्ली गेट स्थित लोक नायक अस्पताल में भी इलाज के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां भी आपदा प्रबंधन वार्ड को खाली करा लिया गया है। गणतंत्र दिवस के दिन सीनियर डॉक्टर भी अस्पताल में मौजूद रहेंगे।