दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाले लिंक रोड पर जाम से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हालात ऐसे ही बने रहे तो विदेशी मेहमानों के सामने गेटवे ऑफ यूपी कहे जाने वाले नोएडा को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि एक्सपो मार्ट में आयोजित होने जा रहे ग्लोबल कंवेंशन में 197 देशों के राजनायिक इस मार्ग से होकर गुजरेंगे। ऐसे में लिंक रोड का जाम इन मेहमानों की राह में बाधा न बन जाए। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने मंथन शुरू कर दिया है।
ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में 2 से 13 सितंबर तक संयुक्त राष्ट्र के 14वें ग्लोबल कंवेंशन का आयोजन होने जा रहा है। 197 देशों के तीन हजार राजनायिक इसमें शिरकत करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के भी इस कार्यक्रम में आने की संभावना है।
फॉर्मूला वन रेस और ऑटो एक्सपो जैसे आयोजन के बाद यह पहला मौका है जब इतनी बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों का ग्रेटर नोएडा के रास्ते दिल्ली से आगमन होगा। हालांकि, फॉर्मूला वन रेस और ऑटो एक्सपो जैसे आयोजन के लिए रूट प्लान की तैयारियां पहले ही हो जाती थीं लेकिन आयोजन शुरू होने में महज चार दिन शेष रह गए हैं। अब जाकर पुलिस-प्रशासन की बैठकों का दौर शुरू हुआ है।