लॉकडाउन के दौरान घर से निकलकर रिश्तेदार को उधार दिए पांच लाख रुपये का तकादा करना एक व्यक्ति और उसके बेटों को भारी पड़ गया। रिश्तेदार ने पुलिस से शिकायत कर दी।
बिंदापुर थाना पुलिस ने आरोपी और उसके दो बेटों के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन कर घर से निकल दूसरे की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रजापति कॉलोनी बिंदापुर में रहने वाला मुकेश कुमार (33) घर में ही वाशिंग मशीन की मोटर बनाता है। 8 अप्रैल की शाम मुकेश ने पुलिस को सूचना दी कि रिश्तेदार घर आकर उससे झगड़ा कर रहे हैं।
पुलिस ने जाकर पूछताछ की तो पता चला कि मुकेश ने वर्ष 2017 में कॉलोनी में ही रहने वाले रिश्तेदार बाबूलाल से 5 लाख रुपये उधार लिए थे। मुकेश रुपये लौटा नहीं रहा था। 8 अप्रैल की शाम बाबूलाल अपने दो बेटों मुकेश व सुनील के साथ उसके घर आया और उधार की रकम मांगने लगा।
मुकेश ने रुपये न होने की बात कही तो वे तीनों उसे धमकाने लगे। इस बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। पुलिस ने मुकेश की शिकायत पर बाबूलाल व उसके बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।