अदालत ने मुखर्जी नगर में ऑटो चालक व उसके नाबालिग बेटे से मारपीट मामले में पुलिस की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पर असंतोष जाहिर किया है।
अदालत ने पुलिस आयुक्त कमिश्नर और अपराध शाखा को एटीआर पेश करने के आदेश दिया है। अदालत ने इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है। अदालत ने केस की जांच कर रहे अधिकारी का नाम भी बताने का निर्देश दिया है।
रोहिणी जिला अदालत की एसीएमएम जसजीत कौर ने मुखर्जी नगर थाने पुलिस द्वारा पेश एटीआर पर कहा इस रिपोर्ट में याचिकाकर्ता की ओर से दी गई शिकायत का जिक्र तक नहीं किया गया है, इसमें उसका नाम क्यों नहीं है।
याचिकाकर्ता मनजीत सिंह चुग ने पेश की गई एटीआर पर आपत्ति जाहिर की थी। मुखर्जी नगर थाना पुलिस की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि यह मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। इस पर दो सितंबर को अगली सुनवाई है और अब अपराध शाखा इस मामले की जांच कर रही है।
अदालत ने इसके बाद स्टेटस रिपोर्ट और एटीआर पेश करने का आदेश जारी करते हुए सुनवाई के लिए 26 अगस्त की तारीख तय की है। मुखर्जी नगर में टैंपो चालक सरबजीत और पुलिसकर्मियों के बीच लड़ाई का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।