बैंक कर्मचारी के आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर ठगों ने क्रेडिट कार्ड बना लिया और उससे पांच लाख रुपये की शॉपिंग व नकदी निकाल ली। जब कार्ड का बिल जमा करने को बैंककर्मी के पास फोन आया तो इसका पता चला। बैंक कर्मी ने कोतवाली सेक्टर-24 से शिकायत की है। पुलिस साइबर सेल की सहायता से इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-12 निवासी प्रवीण कुमार निर्माण विहार, दिल्ली में एक बैंक में कार्यरत हैं। 31 दिसंबर को उनके भाई मनोज के पास एसबीआई से फोन आया था। कॉलर ने बताया कि प्रवीण ने पांच लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड से लोन लिया है, जो अभी तक नहीं भरा है। इसके बाद मनोज ने अपने भाई को बताया।
जब प्रवीण ने बैंक से इसकी शिकायत की तो जांच की गई। जांच में पता चला कि बैंककर्मी के नाम पर जो क्रेडिट कार्ड बनाया गया है। उस आवेदन में केवल प्रवीण के आधार कार्ड की फोटोकॉपी लगी थी। इसके बाद उनके ही नाम से पैन कार्ड था जिसमें उनकी फोटो और हस्ताक्षर नहीं थे। पुलिस पीतमपुरा ब्रांच से क्रेडिट कार्ड बनाए जाने में बैंक कर्मचारियों की भी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
सैलरी 20 हजार, क्रेडिट लिमिट 5 लाख
पुलिस जांच में पता चला कि पीड़ित प्रवीण प्राइवेट बैंक में नौकरी करता है और उसकी सैलरी 20 हजार रुपये है। इतनी सैलरी पर कार्ड की 5 लाख रुपये लिमिट थी। जबकि बैंक 20 हजार रुपये सैलरी वालों को 5 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट कभी नहीं देता।
इस मामले में बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध लग रही है। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की जांच में जुटी है। - प्रदीप त्रिपाठी, एसएचओ, कोतवाली सेक्टर-24