70 जगहों पर एक साथ चला मेगा पौधरोपण अभियान, 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में वन महोत्सव 2025 के तहत धार्मिक गुरुओं, सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल के अध्यक्ष और वकीलों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में हिस्सा लिया। दिल्ली में 70 जगह पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें अपनी माताओं की स्मृति में लोगों ने पौधे लगाए।
रिज क्षेत्र में पीबीजी ग्राउंड में हुए पौधरोपण कार्यक्रम में वाल्मीकि मंदिर के ज्ञानी जी, कालकाजी मंदिर के सिद्धार्थ भारद्वाज, बिड़ला मंदिर के विनोद मिश्रा, अक्षरधाम मंदिर के डॉ ज्योतिंद्र एम दवे और डॉ मदन मोहन पांडे, बंगला साहिब गुरुद्वारे के सिंह साहिब ज्ञानी रंजीत, शीशगंज साहिब गुरुद्वारे के सिंह साहिब हरनाम खालसा, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह, सचिव प्रज्ञा बघेल और वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक धीर ने अपनी माताओं की याद में पौधे लगाए।
जनांदोलन बन गया है ये अभियान : सिरसा
पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, ये अभियान अब जनांदोलन बन गया है। धार्मिक गुरु, वकील, सेलिब्रिटी और आम लोग सभी इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने हर दिल्लीवासी से एक पौधा लगाने की अपील की ताकि सब मिलकर दिल्ली की हवा को साफ और शहर को हरा-भरा बना सकें। उन्होंने छात्रों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों और बाजार संघों से जुड़ने की अपील की है। दिल्ली सरकार ने इस साल 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।