चरणों में मेट्रो सेवाएं शुरू करने के बारे में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगू सिंह का कहना है कि कोविड-19 के कारण 169 दिनों बाद मेट्रो सेवाएं शुरू की गई, लेकिन दोबारा मेट्रो सेवाओं को बहाल करने के पीछे यात्रियों से कमाई के लिए नहीं किया गया।
मुश्किल परिस्थितियों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए इस दिशा में पहल की गई है। इससे आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। महामारी खत्म होने के बाद टोकन को दोबारा लाया जाएगा। डीएमआरसी की कोशिश है कि स्मार्ट कार्ड की व्यवस्था को आगे भी जारी रखा जाए।
लॉकडाउन से पहले दिल्ली मेट्रो में रोजाना औसतन 26 लाख यात्री सफर करते थे। उन्होंने कहा कि दोबारा सेवाएं शुरू होने पर यात्रियों की सहूलियतों के साथ साथ संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी मानकों का पालन किया जा रहा है।
मौजूदा वक्त की जरूरतों को देखकर मेट्रो सेवाएं शुरू की गई हैं और संक्रमण काल के बाद भी परिवहन सुविधाओं की आवश्यकता कम नहीं होंगी। मेट्रो पहले की तुलना में स्टेशनों पर अधिक देरी के लिए रुक रही है। यात्रियों को भी ब्रेक द पीक को ध्यान में रखते हुए अपनी जरूरत के मुताबिक सफर करना चाहिए, ताकि किसी भी वक्त मेट्रो में अधिक भीड़भाड़ की स्थिति पैदा न हो।