रेखा गुप्ता ने राज भवन में दावा पेश करने के बाद कहा कि पीएम मोदी और दिल्ली के भाजपा आलाकमान को धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे यह अवसर दिया है। दिल्ली में 27 साल बाद एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। यह देश की सभी महिलाओं के लिए गर्व का क्षण है। हमने सरकार बनाने का दावा पेश किया है। भाजपा की हर प्रतिबद्धता को पूरा करना मेरे जीवन का अंतिम लक्ष्य है।
कौन हैं भाजपा की विधायक रेखा गुप्ता
दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से रेखा गुप्ता विधायक हैं। मौजूदा समय में दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे।
रेखा गुप्ता का राजनीतिक करियर
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं। जहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
2007: उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं।
2007-09: एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं।
2009: दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं।
2010: भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।
2012: उत्तरी पीतमपुरा वॉर्ड-54 से फिर बनीं पार्षद।
पढ़ाई-लिखाई के दौर में ही राजनीति से जुड़ीं
रेखा गुप्ता बचपन में पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (आरएसएस) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं। 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की।
विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा ने इन्हें सौंपी थी जिम्मेदारी
इससे पहले 19 फरवरी यानि बुधवार की दोपहर में भाजपा के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली प्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए। भाजपा ने रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया था। इन्हीं की उपस्थित में शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई।