सिटी सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच शुक्रवार को पहली बार मेट्रो का ट्रायल किया गया, लेकिन इस लाइन पर मेट्रो की सवारी के लिए अभी दो महीने इंतजार करना होगा। दरअसल, 6.8 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर मेट्रो का नियमित ट्रायल 15 जनवरी के बाद शुरू किया जाएगा। डीएमआरसी सूत्रों के मुताबिक फरवरी अंत तक ही मेट्रो का तोहफा शहरवासियों को मिल पाएगा।
दरअसल, ‘मिशन 2019’ की तैयारियों को ध्यान में रखकर एनसीआर की मेट्रो परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। शुक्रवार को सिटी सेंटर से सेक्टर-62 रूट पर पहली बार मेट्रो को उतारा गया तो शहरवासियों को उम्मीद जगी कि बहुत जल्द सफर आसान होने जा रहा है, लेकिन शुक्रवार को किया गया ट्रायल केवल सिविल स्ट्रक्चर की खामियों का पता लगाने के लिए किया गया था।
सिग्नलिंग सिस्टम, अलग-अलग गति से ट्रेन को चलाना, ब्रेकिंग सिस्टम की जांच करना, ओएचई लाइनों को परखने का काम नियमित ट्रायल के दौरान किया जाएगा। इस प्रक्रिया को शुरू होने में अभी 15 से 20 दिन का समय लगेगा। इसके बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) का सर्वे शुरू होगा। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन सूत्रों के मुताबिक इस पूरी प्रक्रिया में डेढ़ से दो महीने का समय लग सकता है। ऐसे में फरवरी अंत या मार्च की शुरुआत तक ही मेट्रो सेवा शुरू हो पाएगी।
ग्रेनो मेट्रो को उद्घाटन का इंतजार
नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो रेल परियोजना शुरू होने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, लेकिन उद्घाटन होना बाकी है। बताया जा रहा है कि पीएम और सीएम की मौजूदगी में इस लाइन की शुरुआत होगी। इसके लिए समय नहीं मिल पाया है। 25 दिसंबर तक ग्रेनो मेट्रो शुरू होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब नए साल में ही मेट्रो चालू हो सकेगी।
सेक्टर-62 मेट्रो का नियमित ट्रायल शुरू होने में कम से कम 15 दिन का समय लगेगा। हालांकि, पुरानी लाइन का विस्तार होने के कारण इस लाइन पर ज्यादा अड़चनें नहीं हैं। सीएमआरएस की मंजूरी के बाद इसके संचालन की तारीख तय होगी। उम्मीद है फरवरी अंत तक मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी।-प्रवक्ता, डीएमआरसी
इस लाइन पर स्टेशन
सेक्टर-34, सेक्टर-52, सेक्टर-61, सेक्टर-59, सेक्टर-62, इलेक्ट्रॉनिक सिटी