इस दौरान केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के कामकाज में केन्द्र सरकार द्वारा हरसंभव बाधाएं उत्पन्न करने और केन्द्रीय जांच एजेंसियों से आप नेताओं को प्रताड़ित एवं अपमानित करवाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा ‘‘मोदी सरकार ने दिल्ली सरकार की चार सौ फाइलों की जांच करा ली लेकिन कुछ नहीं मिला। मैं तो मानता हूं कि आज हमें ईमानदारी का प्रमाणपत्र मोदी जी ने दिया है।’’
उन्होंने मोदी सरकार को राफेल सहित अन्य मामलों की महज चार फाइलें ही दिखाने की चुनौती देते हुए कहा ‘‘आपने दिल्ली सरकार की चार सौ फाइलें देख लीं तो अब अपनी भी तो चार फाइल दिखा दें।’’
केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा ‘‘हमारे खिलाफ जब भी पुलिस का छापा पड़ता है तो सबसे पहले कांग्रेसी जश्न मनाते हैं।’’
इस दौरान केजरीवाल ने शुक्रवार की रात को हरियाणा में आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किये जाने की आलोचना करते हुए हरियाणा की खट्टर सरकार पर जातिवादी राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर खट्टर विरोधी बयानबाजी करने के आरोप में आप के 40 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किये जाने का दावा करते हुए भाजपा पर पूरे देश में आतंक का माहौल बनाने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि अगले साल होने वाले आम चुनाव की तैयारियों को लेकर आप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शुक्रवार को किये गये फैसलों पर राष्ट्रीय परिषद की इस बैठक में विचार मंथन का दौर जारी है। समझा जाता है कि बैठक देर शाम तक चलेगी।