- सीबीएसई ने स्कूलों को सुझाई गतिविधियां, बच्चों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपने सभी संबद्ध स्कूलों को योग दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने स्कूलों को सुझाव दिया है कि वे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके तहत योग कार्यशालाएं, सेमिनार, सामूहिक योग प्रदर्शन, निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही छात्रों को माई गवर्नमेंट प्लेटफॉर्म पर आयोजित फोटोग्राफी, ई-पोस्टर, योग गीत, जिंगल और रील प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सीबीएसई ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे इन गतिविधियों का सफल आयोजन करें और कार्यक्रमों की रिपोर्ट व तस्वीरें निर्धारित लिंक पर अपलोड करें। बोर्ड का मानना है कि इससे छात्रों में योग के प्रति रुचि बढ़ेगी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा नमस्ते योग ऐप के माध्यम से भी योग से जुड़ी जानकारी और स्वास्थ्य गतिविधियों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं आयुष मंत्रालय की ओर से जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।