लालकिला के पास 10 नवंबर को हुए बम धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी और चाक-चौबंद करने का दावा किया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि लाल किला परिसर के आसपास 120 नए और आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अभी तक 364 कैमरें लगे थे जिनकी संख्या बढ़कर 484 हो गई है। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भी एक्शन जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध कब्जा करने वालो के खिलाफ अब तक 200 से अधिक मामले दर्ज किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में यहां और कैमरे लगाने की योजना है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लाल किला पुलिस चौकी का स्टाफ भी दोगुना कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना कि 24 घंटे पुलिस चौकी में इतने जवान मौजूद रहेंगे। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया किले के भीतर एक आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। सभी कैमरे एडवांस्ड वीडियो एनालिटिक्स और फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी (एफआरटी) से लैस हैं। सिस्टम में अपराधियों का डाटा पहले से फीड है, जिससे किसी भी संदिग्ध को फौरन पहचान लिया जाएगा और अगले ही पल पुलिस को अलर्ट भेज दिया जाएगा। चौकसी बढ़ाने के लिए लाल किला के पास पार्किंग में काम करने वाले लड़कों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
पार्किंग में लगे कैमरों में भी एएनपीआर लगाया गया है। घुसपैठ की कोशिशों को पहचानने और संदिग्ध वस्तुओं का पता करने की तकनीकें भी इस सुरक्षा प्रणाली में शामिल की गई हैं। जिससे पूरा क्षेत्र हाई-सिक्योरिटी जोन में बदल गया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लाल किला के आसपास सुरक्षा को परखने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया जाएगा। पूरे साल ऐसी प्रैक्टिस समय-समय पर चलती रहेंगी।