दिल्ली मेट्रो से सफर करना है तो इसके लिए कुछ समय पहले ही घर से निकलें। कारण कि सुरक्षा जांच में अब कुछ ज्यादा समय लगेगा। सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी हमले की आशंका के कारण दिल्ली मेट्रो में रेड अलर्ट जारी किया है।
डीएमआरसी ने सोमवार दोपहर से अपने पूरे रेल नेटवर्क पर यह अलर्ट जारी किया। इसके कारण दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर सुरक्षा बलों की तैनानी और पुख्ता तरीके से की गई है। व्यस्त समय में यात्रियों को सुरक्षा जांच के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ा। डीएमआरसी ने यात्रियों से सुरक्षा जांच के दौरान धैर्य रखने और सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।
डीएमआरसी ने दोपहर 12:38 बजे ट्वीट के जरिये यात्रियों को मेट्रो में रेड अलर्ट जारी करने की सूचना दी। डीएमआरसी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों से मिले सुझाव के आधार पर रेड अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान लोगों को सुरक्षा जांच में ज्यादा समय देना पड़ सकता है। इसलिए यात्री गंतव्य तक पहुंचने के लिए थोड़ा ज्यादा समय लेकर चलें।
इसके बाद मेट्रो स्टेशनों के अंदर सीआईएसएफ जवानों की गश्त बढ़ा दी गई। मेट्रो स्टेशनों के बाहर भी हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशनों के बाहर जवान सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। स्टेशनों में दाखिल होने वाले सभी यात्रियों की भी निगरानी की जा रही है।
शाम को व्यस्त समय में दिल्ली के राजीव चौक, कश्मीरी गेट, हौजखास, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, नोएडा सिटी सेंटर, हुडा सिटी सेंटर, लाजपत नगर, यमुना बैंक, लक्ष्मी नगर समेत अन्य स्टेशनों पर यात्रियों को लंबी लाइनों में लगकर सुरक्षा जांच करानी पड़ी। हालांकि, डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की कि अगर उन्हें कोई भी लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत सुरक्षाकर्मियों को दें।