गुड़गांव में इस बार रिकार्ड तोड़ मतदान हुआ था। यहां के करीब 78 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर पिछले 30 सालों का रिकार्ड तोड़ा था।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों में 18,44,906 मतदाताओं वाले गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र में 12,86,978 मतदाताओं के मताधिकार प्रयोग करने की बात कही गई थी।
लेकिन अब नया मामला ख्ाड़ा हुआ है। इंडियन एक्सप्रेस की एक ख्ाबर के अनुसार इस सीट पर भारी मात्रा में फर्जी वोटिंग की आश्ांका जताई जा रही है।
बहाना बना रहे हैं वोटर
10 अप्रैल को क्या आपने वास्तव में वोटिंग की थी? गुड़गांव के वोटरों के लिए यह एक ऐसा सवाल बन गया है कि वह सीधे मुंह इसका जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
यही नहीं उंगली पर निशान दिखाने की बात पर वह बहाना बनाने लग रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक वहां के वोटरों की उंगलियों से स्याही के निशान गायब हैं।
एक वोटर ने उंगली से निशान गायब होने पर कहा कि उनके धर्म में शरीर पर कोई निशान लगा कर पूजा करने में मनाही है, इसलिए उन्होंने स्याही का निशान मिटा दिया।
तो रद्द भी हो सकता है चुनाव!
गुड़गांव के रहना गांव में ऐसे गिने-चुने लोग हैं, जिनकी उंगली पर स्याही के निशान हैं। इसके अलावा नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हना इलाके में बूथ कैप्चरिंग के मामले भी सामने आए हैं।
यहां के उप चुनाव आयुक्त आलोक शुक्ला का कहना है कि उन्हें इसकी शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए एक टीम भी बना दी गई है। बहुत जल्द टीम मामले की रिपोर्ट देगी, फिर उसी के अनुसार कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वलगड़ के अनुसार मामले की पूरी जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को सौंप दी जाएगी। फिर वहीं से कोई फैसला होगा।
कर्फ्यू तक पहुंच गया था मामला
पुन्हना में वोटिंग के दौरान हो रहे फर्जीवाड़े से संबंधित मामले में ही तनाव इतना बढ़ गया था कि क्षेत्र में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। वहीं मतदान से पहले एक पोलिंग अधिकारी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत भी अब जांच के घेरे में है।
क्षेत्र में इवीएम में कुछ इस तरह की गड़बड़ी करने की बात थी, जिससे सारे वोट एक प्रमुख पार्टी को मिल रहे थे।
योंगेद्र यादव ने लिखा था पत्र
गुड़गांव से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेंद्र यादव ने मतदान के एक दिन बाद ही गुड़गांव के निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर इनेलो और भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था।
उनके अनुसार नूंह के 19, फिरोजपुर झिरका के 23 और पुन्हना के 19 बूथों पर मतदान के दौरान अनियमितता बरती गई है। हालांकि, बीजेपी व इनेलो के नेताओं के मुताबिक ये बातें मनगढ़ंत हैं।