पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े कोविड अस्पताल जीटीबी में मरीजों केे सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन रखे जाएंगे। इसके लिए मरीजों को एक यूनिक आईडी दी जाएगी। इस प्रणाली को लागू करने के लिए अस्पताल में एक सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है, जिसका ट्रायल लिया जा रहा है। इस माह के अंत तक मरीजों का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगा।
जीटीबी अस्पताल के नोडल अधिकारी विनय भूषण ने बताया कि मरीजों के रिकॉर्ड को पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रोगियों को एक विशिष्ट आईडी दी जाएगी, जिसका उपयोग उपचार के दौरान उनके रिकॉर्ड को ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए किया जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि मरीजों को इलाज के लिए कागजात लेकर नहीं घूमना पड़ेगा।
मरीज का पूरा मेडिकल इतिहास और सभी जांच रिपोर्ट जुलाई के अंत तक डॉक्टरों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी। भूषण के मुताबिक, आईएलबीएस संस्थान, एलएनजेपी अस्पताल के बाद जीटीबी में भी जल्द ही प्लाज्मा बैंक शुरू होने जा रहा है। अस्पताल को प्लाज्मा बैंक शुरू करने के लिए जरूरी उपकरण, तकनीकी जानकारी और स्टाफ उपलब्ध कराया जा चुका है।