दिल्ली एनसीआर समेत देश के बड़े हिस्से में गर्मी ने दम निकाल रखा है। मानसून सीजन के अगस्त महीने में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में सामान्य से 5-7 डिग्री ऊपर दिन का तापमान दर्ज किया जा रहा है।
रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 38.2 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया। फरीदाबाद में पारा 38.7 डिग्री रहा, जबकि दिल्ली के पालम में सबसे ऊपर 39.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 अगस्त तक राहत की कोई संभावना नहीं है। एनसीआर में बृहस्पतिवार से वीकेंड के बीच मौसम राहत दे सकता है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी यूपी व राजस्थान में 27 से बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में 28-30 अगस्त के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इससे सामान्य से 5 डिग्री ऊपर चल रहे एनसीआर के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि झमाझम बारिश की उम्मीद उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगस्त में नहीं है। देशभर की बात करें तो 44 फीसदी हिस्से में सामान्य से कम या बहुत कम बारिश अभी तक हुई है। उत्तर पश्चिम भारत का ज्यादा बुरा हाल है।
यहां सामान्य से 32 फीसदी कम 313 मिमी बारिश रविवार तक हुई है। इसमें सबसे अधिक परेशानी हरियाणा, दिल्ली व चंडीगढ़ डिवीजन में 64 फीसदी कम बारिश के साथ है। दूसरे नंबर पर पंजाब है जहां सामान्य से 63 फीसदी कम जबकि पश्चिम यूपी में सामान्य से 55 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।