दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति स्वाति मालीवाल ने भारतीय राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा की शिकायत पर एक रियल एस्टेट कंपनी शिप्रा एस्टेट लिमिटेड को समन जारी किया है। अंजुम चोपड़ा ने आयोग में एक शिकायत दर्ज की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2006 में इंदिरापुरम, गाजियाबाद में मैसर्स शिप्रा एस्टेट लिमिटेड की एक परियोजना में एक फ्लैट बुक किया था और वर्ष 2013 तक कुल निवेश का लगभग 60% भुगतान कर दिया था।
शिकायत में उन्होंने बताया कि उक्त संपत्ति उनको नहीं सौंपी गई और कंपनी द्वारा अत्यधिक देरी के कारण उन्होंने 2020 में कंपनी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि कंपनी उनके पैसे वापस कर देगी। उन्होंने बताया कि उक्त समझौता के तहत समझौते के ढाई महीने के भीतर राशि वापस की जानी थी, लेकिन दो वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी उन्हें अब तक उनका बकाया नहीं मिला है।