दिल्ली सादिक नगर इलाके में शनिवार रॉ अधिकारी अनन्य चक्रवर्ती की खुदकुशी और पत्नी-बच्चों की हत्या का रहस्य से अभी पूरी तरह पर्दा नहीं उठ सका है।
लेकिन इतना जरूर पता चला है कि रॉ ऑफिसर अपनी पत्नी की नौकरी को लेकर परेशान था। इसी वजह दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पत्नी के नौकरी करने से भी अनन्य खुश नहीं थे।
पुलिस आशंका जता रही है कि इसी खीझ से अनन्य ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देकर अपनी भी जान दे दी।
पत्नी से नाराज था तो बच्चों को क्यों मारा!
रॉ ऑफिसर ने अपनी पत्नी से ज्यादा खौफनाक तरीके से अपने बेटी और बेटे की हत्या की थी। यहां तक कि बेटे को कील वाली हथौड़ी से कुचल दिया था और बेटी को नारियल काटने वाली चाकू से काट डाला था।
इसक पीछे एक कारण सामने आया है। वह ये कि जब कभी पति-पत्नी में झगड़ा होता था तो बच्चे हमेशा अपनी मां का पक्ष लेते थे।
इसीलिए अनन्य को अपने बच्चों से मोहभंग हो गया और उसने दोनों को खौफनाक ढंग से मौत के घाट उतार दिया।
घटना से पहले काटे थे बिजली-टेलीफोन के तार
शुक्रवार को वारदात को अंजाम देने से पूर्व अनन्य ने अपने घर की बिजली और टेलीफोन की लाइन भी काट दी थी। माना जा रहा है कि ऐसा इसलिए किया ताकि किसी को घटना का पता न चले।
परिवार के सोने के बाद उन्होंने अपने घर की खिड़कियां और दरवाजे अच्छी तरह से बंद किए।
यहां तक मेन गेट पर लगे लोहे के दरवाजे और लकड़ी के दरवाजों को भी अच्छी तरह से बंद किया गया। वारदात को अंजाम देते समय उन्होंने अपने नीचे रहने वाले संजय को भी आहट नहीं होने दी।
एजेंसी की वर्किंग स्टाइल है तो नहीं है वजह?
मामले की छानबीन कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि रॉ और आईबी जैसी एजेंसियों में काम करने वाले लोगों पर काम का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में अक्सर उनके चिड़चिड़ा होने की संभावना रहती है।
पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अनन्य इसी वजह से गुस्सैल और चिड़चिड़े तो नहीं थे।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता में रहने वाली अनन्य की दोनों बहनों से पूछताछ के बाद ही शायद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
द्वारका नार्थ की घटना जैसी ही थी प्लानिंग!
सादिक नगर में परिवार की हत्या कर खुदकुशी करने की रॉ अफसर की घटना और 24 फरवरी को द्वारका नार्थ में ड्राई क्लीनर रविंद्र की खुदकुशी और पत्नी-बच्चों की हत्या की वारदात में समानता है।
रविंद्र ने घर में अपनी दो बेटियों और पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस को आशंका है कि रॉ अफसर ने द्वारका नार्थ वाली घटना से प्रेरित होकर पूरी प्लानिंग करके वारदात को अंजाम दिया।
मामले की छानबीन कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किसी भी बाहरी शख्स का इस वारदात में हाथ होने से इंकार किया है। रविवार को पुलिस ने अनन्य के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और सहकर्मियों से भी पूछताछ की।