सिविल लाइन थाना पुलिस ने शनिवार रात रेव पार्टी की सूचना पर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके के एक होटल में छापेमारी की और होटल मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रेव पार्टी के संदेह के बाद पुलिस की एफएसएल टीम ने पार्टी से बरामद पाउच के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए मधुबन भेज दिया है।
सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे रोड स्थित अंबा होटल में देर रात रेव पार्टी चलती है। इसके बाद पुलिस ने अपना जाल बिछाकर शनिवार देर रात होटल के सामने खड़ी बड़ी-बड़ी गाड़ियों को देखते हुए छापेमारी की।
भीड़भाड़ वाले स्थान पर स्थित होटल में देर रात 50 से ज्यादा लड़कियों और लड़कों को देखकर पुलिस के होश उड़ गए। उनकी संख्या को देखते हुए पुलिस ने महिला पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस के अनुसार, यहां पर छापेमारी कर कुछ नशीले पदार्थ के पाउच बरामद किए गए हैं। इसके बाद पुलिस की एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया।