फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देशभर में दशहरे की धूम, प्रदूषण के कालिया नाग का भी आज होगा दहन

Tue, 08 Oct 2019 06:52 AM IST
Abhishek Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • एक नहीं चार पुतलों का होगा दहन
  • 40 फुट ऊंचे पुतले को दशहरे पर जलाया जाएगा
  • दशहरे पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मुख्य अतिथि होंगे
विज्ञापन
कालिया नाग - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हर वर्ष की भांति इस बार भी यमुनापार में दशहरे पर तीन नहीं, बल्कि चार पुतलों का मंगलवार को दहन होगा। रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के अलावा इस बार कचरे का पुतला जलाया जाएगा। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर स्थित डंपिंग यार्ड को लेकर यह पुतला जलाया जाएगा। रामलीला देखने आए दर्शकों ने चौथे पुतले को जलाकर पर्यावरण बचाने का संदेश देने पर बल दिया।

विज्ञापन


इसके बाद सोमवार को आयोजकों ने चौथे पुतले को कालिया नाग का स्वरूप दिया। करीब 40 फुट ऊंचे इस पुतले को मंगलवार शाम दशहरे पर जलाया जाएगा। आयोजक सुरेश बिंदल ने बताया कि आज का रावण पंचमुखी प्रदूषण सर्प दर्शकों, जनता व क्षेत्र के निवासियों से प्रतिक्रियाएं मिलने के बाद तैयार किया गया है। पंचमुखी कालिया नाग वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण को लेकर बनाया गया है। इसे कचरे से ही तैयार किया गया है। कमेटी ने केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को इस पुतले का दहन करने का आमंत्रण भी दिया है।

रामलीलाओं में कुंभकरण, मेघनाद और अहिरावण का हुआ वध

करीब एक सप्ताह से विभिन्न इलाकों में चल रही रामलीलाओं में सोमवार रात प्रभु श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। यहां मेघनाथ, कुंभकरण और अहिरावण का वध हुआ। पीयू ब्लॉक की रामलीला में दर्शकों को मेघनाथ और लक्ष्मण के बीच डिजिटल युद्घ देखने को मिला। यहां मंगलवार को शाम पांच बजे पुतला दहन होगा। इसके बाद दर्शकों के लिए भजन संध्या होगी। इस बार रावण परिवार के साथ ही प्लास्टिक का भी दहन किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

लाल किला मैदान में नवश्री धार्मिक लीला के मंचन में लक्ष्मण की मूर्छा भंग होने के बाद कुंभकरण को नींद से जगाने वाले दृश्य ने दर्शकों का काफी मनोरंजन किया। पुरानी दिल्ली की मशहूर चाट और मिठाइयों के जरिए यहां कुंभकरण को गहरी नींद से जगाया गया। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण के मेघनाद और कुंभकरण के साथ युद्घ और उनके वध की लीला दिखाई गई। इससे पहले, लीला में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, कांग्रेस की प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी, रोहन गुप्ता मौजूद रहे।

दशहरे पर यहां पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मुख्य अतिथि होंगे। श्री सनातन धर्म समिति की लीला में हनुमान जी को धरती से 100 फुट ऊपर आकाश मार्ग से संजीवनी लाते दिखाया गया। समिति के मंत्री प्रवीण कपूर ने बताया कि दशहरे पर यहां साढ़े छह बजे आतंकवाद का पुतला जलाया जाएगा।

आदर्श रामलीला कमेटी अशोक विहार फेज-2 की लीला का भव्य मंचन हुआ। यहां डिजिटल तकनीक पर आधारित यंत्रों के जरिये युद्ध में तलवारों से चिंगारी, तीर के साथ निकलते अंगारे, जंगल, बादल, वर्षा व पाताल भैरवी आदि के विहंगम दृश्यों का विस्मयकारी प्रस्तुतिकरण देख दर्शक अचंभित और उत्साहित हुए। आयोजकों के अनुसार, विजयदशमी पर आकर्षक आतिशबाजी के साथ पुतला दहन का कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रभु श्रीराम का राजतिलक, पुरस्कार वितरण समारोह और हास्य कवि सम्मेलन होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें