- दिल्ली विश्वविद्यालय के दोनों कॉलेज को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की दी गई थी धमकी, सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के दो नामी कॉलेजों रामजस और मिरांडा हाउस को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से वहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बम व डॉग स्क्वायड के अलावा दमकल विभाग व पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने दोनों कॉलेज को खाली करा लिया। छानबीन के बाद पुलिस को मौके पर कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बाद में ईमेल की सूचना को हॉक्स करार दे दिया गया। जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टेक्निकल सर्विलांस की मदद से ईमेल भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सूत्रों का कहना है कि ईमेल विदेश से आए हैं।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रामजस कॉलेज प्रशासन को सोमवार सुबह करीब 8.17 बजे एक ईमेल मिला। उसमें काॅलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
इसी बीच मिरांडा हाउस कॉलेज को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। एहतियात के तौर पर दोनों कॉलेज परिसर को खाली करा लिया गया। बताया जा रहा है कि ईमेल मिलने के बाद कॉलेज में सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। परिसर को पूरी तरह खाली कराकर सुरक्षा घेरे में लिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
करीब दो घंटे चले तलाशी अभियान के बाद प्रशासन ने ईमेल को झूठा करार दिया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने परेशान करने के लिए ईमेल किए।