दलित समुदाय पर बाबा रामदेव के विवादित बयान मामले में जांच अधिकारी एसीपी को कोर्ट ने तलब किया है। अदालत ने मामले में स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। इसके जवाब में एसीपी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मामले की जांच लखनऊ पुलिस कर रही है।
इसलिए केस फाइल उप्र पुलिस को भेज दी गई है। योग गुरु बाबा रामदेव पर दलित समुदाय की महिलाओं के लिए अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।मामला लखनऊ का है और थाना महानगर पुलिस इसकी जांच कर रही है।
इस बाबत एक एफआईआर दिल्ली के थाना मधु विहार में दर्ज की गई थी। कड़कड़डूमा जिला अदालत के महानगर दंडाधिकारी प्रांजल अनेजा ने बुधवार को मामले के जांच अधिकारी एसीपी राकेश शर्मा को दो जुलाई को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है।