उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी हंसराज हंस को मुस्लिम बताए जाने के बयान के खिलाफ मंगलवार को छत्तसीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रमन सिंह ने धरना दिया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री विजय गोयल भी मौजूद थे।
पंचकुइयां रोड स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में वाल्मीकि समाज से जुड़े लोग भी धरने में शामिल थे। रमन सिंह ने कहा कि सदन में सर्वाधिक दलित सांसद भाजपा के हैं। वाल्मीकि समाज का गुस्सा इस मुद्दे पर जायज है। यह सीधे-सीधे महर्षि वाल्मीकि के वशंजों का अपमान है।
आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा किए इस अपमान को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज को आम आदमी पार्टी का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों से आप के प्रत्याशियों को काले झंडे दिखाने की मांग की।
इस मौके केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि पहले आप के नेता राजेन्द्र पाल गौतम और फिर केजरीवाल ने जिस तरीके से सोशल मीडिया पर हंसराज हंस के वाल्मीकि न होकर मुस्लिम होने का आरोप लगाया, यह राजनीति का सबसे गिरता हुआ स्तर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली ही नहीं, पूरे देश के वाल्मीकि समाज में आम आदमी पार्टी और केजरीवाल के खिलाफ गुस्सा है।
गोयल ने कहा कि वे इसके खिलाफ एससी/एसटी आयोग में शिकायत भी करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर हंसराज हंस के वायरल वीडियो को लेकर भी बयान दिया, जिसके आधार पर हंसराज हंस के वर्ष 2014 में ही मुस्लिम धर्म अपनाए जाने का दावा किया जा रहा है। गोयल ने कहा कि इस वीडियो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।