उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह शनिवार को नोएडा के सेक्टर-62 स्थित सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सेंटर में मौजूद सुविधाओं और शैक्षणिक कार्यक्रमों का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा कुछ नए प्रोफेशनल कोर्सों की शुरुआत की गई है। इसके तहत विवि सत्र 2019-20 में उर्दू, योग और भूगोल में पीजी कोर्स कराएगा। इसके लिए यूजीसी ने विश्वविद्यालय को स्वीकृति दे दी है। साथ ही म्यूजियोलॉजी में एक साल का डिप्लोमा और कृषि क्षेत्र से जुड़े पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं।
2 अप्रैल से इन कोर्सों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो एक जुलाई तक जारी रहेगी। प्रो. सिंह ने कहा कि एग्रीकल्चर के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, पर उत्सुकता का अभाव खटक रहा है। ऐसे में यूनिवर्सिटी ने बागवानी, जैविक कृषि, जलागम क्षेत्र प्रबंधन आदि पर पाठ्यक्रमों को शुरू करने का फैसला लिया है। एग्री बिजनेस में डिप्लोमा कोर्स की व्यवस्था की गई है।