फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तिहाड़ की जेल संख्या चार में रहेंगे राजेंद्र कुमार, सीएम के पूर्व प्रधान सचिव समेत सात को जेल

Thu, 14 Jul 2016 11:26 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली सरकार के निलंबित प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार समेत सात लोगों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सीबीआई ने इन आरोपियों को तीन दिन की रिमांड के बाद बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया था।
विज्ञापन


यह मामला एंडेवर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड को सरकारी ठेके देने में अनियमितता व घूसखोरी से जुड़ा है। पटियाला हाउस स्थित विशेष सीबीआई जज अरविंद कुमार ने अर्जी पर सुनवाई के बाद राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार गुप्ता, संदीप कुमार, अशोक कुमार, तरुण शर्मा, रिपू सूदन कौशिक व गजेंद्र कुमार नंदा को 27 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

इस मामले में सीबीआई ने चार जुलाई को राजेंद्र कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने इन लोगों को पांच जुलाई को कोर्ट में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया था। इसके बाद सीबीआई ने आरएस कौशिक व जीके नंदा को नौ जुलाई को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने 11 जुलाई को इन सातों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया था।
विज्ञापन

50 करोड़ का हुआ है घोटाला

राजेंद्र कुमार
एजेंसी ने आरोपियों की हिरासत मांगते हुए कहा था कि सीबीआई ने आठ जुलाई को कई स्थानों छापेमारी की थी। इसमें कई अहम साक्ष्य हाथ लगे हैं। इस मामले में नौ जुलाई को रिपू सूदन कौशिक व गजेंद्र कुमार नंदा को गिरफ्तार किया गया था। छापेमारी में मिले साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ करनी है।

सीबीआई की ओर से बहस करते हुए अधिवक्ता सोनिया माथुर ने कहा कि जीके नंदा के घर पर छापेमारी में एक डायरी मिली है, जिससे नंदा द्वारा करीब 60 लाख रुपये की मोटी रकम अशोक कुमार को देने की बात है।

ऐसी एक डायरी राजेंद्र कुमार के पास से भी मिली थी, जिसमें आरएस कौशिक को भारी राशि के भुगतान की बात थी। सीबीआई का दावा है कि इस मामले में करीब 50 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। मामले की जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि के लिए आरोपियों से पूछताछ करना जरूरी है।
विज्ञापन

तिहाड़ की जेल संख्या चार में रहेंगे राजेंद्र कुमार

तिहाड़ जेल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव रहे राजेंद्र कुमार को तिहाड़ को जेल संख्या चार के विपासना वार्ड में रखा गया है। इस वार्ड को पिछले कुछ दिनों में विशेष तौर पर तैयार किया गया है। सीबीआई रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार को तिहाड़ जेल भेजा गया।

रविवार को एक दिन के लिए न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में रहने के बाद से संभावना जताई जा रही थी कि रिमांड खत्म होने के बाद वे दोबारा से तिहाड़ आएंगे। लिहाजा जेल संख्या चार के विपासना वार्ड को विशेष तौर पर तैयार किया गया। वार्ड में नए टाइल्स और दूसरी सुख-सुविधाओं का ख्याल रखते हुए टेलीविजन और दूसरी व्यवस्था भी की गई है।

आमतौर पर इस वार्ड में उन्हीं कैदियों को रखा जाता है जिन्हें विपासना करने की सलाह दी जाती है। किरण बेदी जब जेल महानिदेशक थीं, तब उन्होंने इस वार्ड का निर्माण करवाया था। बताया जा रहा है कि राजेंद्र कुमार के लिए जेल में अलग से खाना तैयार किया जाता है। खाना बनाने के लिए अलग से रसोइए का इंतजाम किया गया है और उन्हें सेवादार भी दिया गया है। इस संबंध में बात करने के लिए जेल के एडिश्नल इंस्पेक्टर जेनरल (एआईजी) सह प्रवक्ता मुकेश प्रसाद को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें