कांग्रेस नेतृत्व ने हरी झंडी दिखाई तो फिरोजाबाद के सांसद और सिने अभिनेता राज बब्बर फरीदाबाद से चुनाव मैदान में होंगे। हालांकि अभी तक राज बब्बर लगातार गाजियाबाद से चुनाव लड़ने की बात करते रहे हैं।
राज्य के प्रभारी महासचिव शकील अहमद और प्रभारी सचिव आशा कुमारी द्वारा तैयार किए गए उम्मीदवारों के अंतिम पैनल में इनका शामिल किया गया है।
खास बात यह है कि हरियाणा की पांच संसदीय सीटों के लिए तैयार किए गए पैनल में वर्तमान सांसदों के अतिरिक्त किसी अन्य दावेदारों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
शुक्रवार को होगा नाम का ऐलान
पैनल में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सलाहकार प्रो वीरेंद्र सिंह और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के दामाद और हरियाणा सरकार के मंत्री कैप्टन अजय यादव के पुत्र चिरंजीवी राव का भी नाम बतौर दावेदार शामिल किया गया है।
आश्चर्यजनक रूप से सोनीपत सीट के लिए तैयार किए गए तीन दावेदारों की सूची में सांसद जितेंद्र मलिक का नाम नहीं है।
उल्लेखनीय है कि आगामी शुक्रवार को होने जा रही पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हरियाणा के कांग्रेस उम्मीदवारों का नाम तय होगा।
युवा जोश से भरी है कांग्रेस की टीम
कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में अनुभव और युवा जोश से परिपूर्ण टीम को मैदान में उतारेगी। सीईसी के विचार के लिए तैयार किए गए उम्मीदवारों के पैनल में युवाओं और अनुभव का मिश्रण साफ तौर पर दिखाई देता है।
मसलन पैनल में जहां एक ओर अनुभवी चौधरी बीरेंद्र सिंह हैं तो दूसरी ओर युवा चिरंजीवी राव, राज बब्बर, दीपेंद्र हुड्डा, श्रुति चौधरी और नवीन जिंदल भी।
जिन सीटों पर राज्य के प्रभारी महासचिव ने पुराने चेहरों को तरजीह दी है उनमें रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, भिवानी से श्रुति चौधरी, सिरसा से प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और करनाल से अरविंद शर्मा हैं। इन सीटों पर एक ही उम्मीदवार का पैनल तैयार किया गया है।