दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार शाम पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। राजधानी के अलावा फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा व गाजियाबाद में कहीं-कहीं सड़कों पर ओलों की चादर बिछ गई।
कई जगह अंगूर से भी बड़े ओले गिरने की सूचना है। तेज हवा से जहां अनेक जगह पेड़ धराशायी हो गए, वहीं बिजली खंभों की भी नुकसान पहुंचा। बारिश और ओलों से फिर सर्दी बढ़ गई है। राजधानी में शाम पांच बजे तक 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बृहस्पतिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे। साथ ही 25-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलती रही। शाम होने तक तेज बारिश और इसके बाद ओलावृष्टि होने लगी।
इससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को येलो अलर्ट जारी कर पूर्वानुमान जताया था कि दिल्ली एनसीआर में भारी ओलावृष्टि और तेज बारिश होगी।