मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार शाम 5:30 बजे तक रिज में 29.6 एमएम, लोधी रोड और पालम में भी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कमी के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 73 फीसदी रहा।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आसमान में दिल्ली और एनसीआर के लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते यानी 27 जुलाई तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी। साथ ही, दो दिन झमाझम बारिश के भी आसार हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।
हवा संतोषजनक श्रेणी में बरकरार
राजधानी में तेज हवाओं के बीच हवा संतोषजनक श्रेणी में बरकरार है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 दर्ज किया गया, यह हवा की संतोषजनक श्रेणी है। रविवार की तुलना में 18 सूचकांक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार तक हवा संतोषजनक श्रेणी में ही बरकरार रहेगी।
सोमवार को हवा दक्षिण-पूर्व पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। मंगलवार को भी हवा इसी दिशा से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही, यहां एक्यूआई 110 दर्ज किया गया, जोकि मध्यम श्रेणी है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में सबसे कम एक्यूआई 99 दर्ज किया गया, जोकि संतोषजनक श्रेणी है। इसके अलावा गाजियाबाद में 105 सूचकांक दर्ज किया गया।
संबंधित वीडियो-