कई इलाकों में लोगों ने ठंडी हवाओं और बारिश का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरे खिल उठे। बाजारों और पार्कों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नोएडा में तेज धूप के बाद बदला मौसम, रातभर बरसात के आसार
रविवार सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर तक मौसम ने अचानक करवट ले ली। नोएडा के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने रात के समय भी लगातार बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने और मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी है। मौसम विभाग ने लोगों को आवश्यक होने पर ही घर से निकलने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट
उधर, मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ समय के लिए हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है।
इससे पहले दिल्ली में शनिवार को पूरे दिन बादलों का डेरा रहा। धूप से राहत मिलने के बावजूद बढ़ी गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दिनभर उमस के कारण लोग पसीने से बेहाल रहे। इस दौरान शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 0.01 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि पूसा में 23.5 मिमी और जनकपुरी में 9.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम 58 प्रतिशत रही। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तथा अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 5 से 10 जुलाई के बीच दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया था।
10 जुलाई तक बारिश के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार 7 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे तथा सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। 8 और 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह रहेगा और रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 10 जुलाई को एक बार फिर हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।