मौसम विभाग ने अगले दो घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार दक्षिण पश्चिम और पश्चिमी दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की बात कही है। हरियाणा के झज्जर, रोहतक, जींद, पानीपत, करनाल और उत्तर प्रदेश के शामली, देवबंद और सहारनपुर में बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार, शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इस वजह से 2 जनवरी से लेकर 6 जनवरी तक लोगों को सर्द हवाओं से राहत मिलेगी। वहीं, न्यूनतम तापमान के 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी 3 जनवरी से लेकर 5 जनवरी तक दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है। इससे हल्की ठंड बढ़ेगी वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर भी बनेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है तब शीतलहर जारी की जाती है वहीं, 2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम होने पर गंभीर श्रेणी की शीतलहर की घोषणा की जाती है । गौरतलब है कि बृहस्पितवार को 3.3 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया था।
गत 18 दिसंबर को 15.2 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान भी रहा था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार दिसंबर का औसत न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि पिछले वर्ष यह 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।