फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rain in Delhi-NCR: राजधानी में बदला मौसम का मिजाज, कई हिस्सों में बारिश के बाद लगा जाम; कल भी बरसेंगे बदरा

Mon, 30 Mar 2026 07:02 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। जहां लोगों को बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली, वहीं कुछ इलाकों में जाम लगने की भी सूचना आ रही है। 
विज्ञापन
दिल्ली में बारिश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली समेत एनसीआर में सोमवार को देखने को मिला। शाम के समय मौसम पूरी तरह बदल गया है। अचानक काले बादलों के साथ अंधेरा छा गया और कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले ज्यादातर इलाकों में सोमवार को सुबह से ही तेज चमकदार धूप निकली थी। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। लेकिन, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही। लेकिन शाम को अचानक मौसम बदल गया। काले बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही ज्यादातर जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी देखी गई।

विज्ञापन

अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया
मौसम विभाग के अधिकारियों ने पहले ही ऐसी संभावना जताई थी, क्योंकि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। आंधी और बौछारें पड़ने से अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया। तेज आंधी से एनसीआर के कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। इस दौरान शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मानक वेधशाला में 0.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, बीते 24 घंटे में बारिश ट्रेस हुई। साथ ही, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 35.1 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज और लोधी रोड में 32.8, आया नगर में 32.5 और पालम में 31.7 अधिकतम पारा दर्ज किया गया।
 

कल भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 31 मार्च को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अचानक गरज चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दिन आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहने का भी अनुमान है। इसके बाद दिल्ली में पहली और दो अप्रैल को मौसम सामान्य रहेगा लेकिन बादल नजर आ सकते हैं। इन दोनों ही तारीखों पर बारिश नहीं होगी। इन दोनों ही दिन तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। 31 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तो पहली अप्रैल को 31-33 और दो अप्रैल को 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद तीन अप्रैल को मौसम बदलने और बारिश के कारण इसमें कमी आने का अनुमान है।
विज्ञापन

3 और 4 अप्रैल को भी होगी बारिश
मौसम विभाग ने 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इससे मौसम एकबार फिर सुहावना हो जाएगा। इस दिन दिल्ली में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह यानी तीन अप्रैल तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें