फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस बार बेहद मामूली प्रदूषण के बीच होगी परेड, बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता को सुधारा

Sat, 26 Jan 2019 05:08 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां पूरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

2015 के गणतंत्र दिवस में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा दिल्ली आए थे तो यह खबर चर्चा का विषय बनी कि दिल्ली के प्रदूषण के कारण उनकी उम्र करीब चार दिन घट गई है। इस बार गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने प्रदूषण कणों को धो डाला है। दिल्ली की हवा में प्रभावी प्रदूषक तत्व पार्टिकुलेट मैटर अपने सामान्य स्तर के आसपास ही हैं। अगले दो दिन तक ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है। ऐसे में इस बार विदेशी मेहमानों को हवा की गुणवत्ता परेशान नहीं करेगी।

विज्ञापन


दिल्ली-एनसीआर में बहुत खराब स्तर पर पहुंची वायु गुणवत्ता दो पायदान लुढ़ककर मध्यम श्रेणी में पहुंच गई है। इससे पहले 22 जनवरी इस वर्ष का सबसे कम प्रदूषण वाला दिन रिकॉर्ड हुआ था। वायु गुणवत्ता के लिहाज से यह पूरा हफ्ता दिल्ली-एनसीआर वालों के लिए बेहतर रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, अभी दो से तीन दिन तक ऐसा मौसम नहीं रहेगा, जो फिर से प्रदूषण स्तर बढ़ाए।

सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) के मुताबिक, सतह पर हवा की गति 3.8 किलोमीटर प्रति घंटे है। यह प्रदूषण कणों को बिखेरने में सक्षम है। हालांकि, नमी और आर्द्रता जैसे अन्य सूचकांक अभी प्रदूषण के लिए उत्प्रेरक ही बने हुए हैं। ऐसी राहत जुलाई से सितंबर के बीच बारिश के कारण मिलती है। इस हफ्ते सोमवार और मंगलवार को हुई अच्छी बारिश के कारण दिल्ली में प्रदूषण कण अल्पावधि के लिए शांत हुए थे। बीच में हवा की सेहत लड़खड़ाई, लेकिन फिर से गुणवत्ता में सुधार दर्ज हुआ।
विज्ञापन


यह रहा एक्यूआई
सीपीसीबी के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151, गाजियाबाद का 164, ग्रेटर नोएडा का 143, नोएडा का 95, गुरुग्राम का 126, फरीदाबाद का 123 रिकॉर्ड किया गया। 51 से 100 का एक्यूआई संतोषजनक और 101 से 200 का अर्थ मध्यम श्रेणी के प्रदूषण से है। हवा में प्रदूषण के प्रमुख कण पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) 10 और 2.5 का स्तर मानक के करीब पहुंच गया है। हवा इस वक्त पार्टिकुलेट मैटर कणों से करीब-करीब मुक्त है। मंगलवार को पीएम 2.5 का स्तर रात आठ बजे 61 और पीएम 10 का स्तर 111 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रिकॉर्ड किया गया। पीएम 2.5 का मानक 60 और पीएम 10 का सामान्य मानक 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें